सीतापुर(संवाददाता)। जनपद के तम्बौर थाना क्षेत्र में ताबड़तोड़ बंद मकानों को निशाना बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत पुलिस व सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर/गैंगेस्टर अपराधी समेत तीन शातिर चोरों को दलपतपुर गांव के पास से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से लगभग 15 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, 3.60 लाख रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद हुई है। इस सफलता से कस्बे में हुई दो बड़ी चोरियों का पर्दाफाश हो गया है।
रेकी कर बंद घरों को बनाते थे निशाना.थाना तम्बौर क्षेत्र के शेखनटोला निवासी अजीम, नवाबगंज का फरहान और नवाबशाहपुरवा निवासी राज मिलकर क्षेत्र में सक्रिय थे। पूछताछ में अभियुक्तों ने कुबूल किया कि वे पहले उन घरों और दुकानों की रेकी करते थे, जहां ताले लटके होते थे और परिवार बाहर गया होता था। मौका पाकर ताला तोड़कर नकदी व जेवरात समेट लेते थे और चोरी का माल आपस में बांट लेते थे।
अलग-अलग बरामदगी और जब्ती की तैयारी.पुलिस टीम ने अजीम के पास से 2.20 लाख रुपये नकद, हार, अंगूठी, माथा टीका, नथ व सफेद धातु के जेवर बरामद किए। फरहान के पास से 80 हजार रुपये नकद व झुमके-पायल, जबकि राज के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद व आभूषण बरामद हुए। कुल बरामदगी 3 लाख 60 हजार नकद व 15 लाख के गहनों की है। पुलिस अब अभियुक्तों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति का ब्योरा जुटाकर जब्तीकरण की विधिक कार्रवाई कर रही है।
सरगना अजीम पर दर्ज हैं गंभीर मुकदमे.गिरफ्तार अभियुक्त अजीम शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ तम्बौर थाने में गैंगेस्टर एक्ट, नकबजनी, चोरी, पाक्सो व अवैध धर्मांतरण जैसी संगीन धाराओं में पहले से करीब आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए तीनों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।


0 टिप्पणियाँ